Molitics News

केजरीवाल की गिरफ़्तारी के विरोध में प्रदर्शन करने वाले आप कार्यकर्ता हिरासत में, बीजेपी ने माँगा इस्तीफ़ा

कथित शराब घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी के खिलाफ आज आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने  दिल्ली में जगह-जगह प्रदर्शन किया। आप नेता व कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया था लेकिन इस प्रयास में कई नेता और कार्यकर्ता गिरफ्तार कर लिये गये। दूसरी तरफ बीजेपी ने केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर आईटीओ पर प्रदर्शन किया। उधर दिल्ली पुलिस ने एडवाइज़री जारी करके कहा है कि किसी को प्रदर्शन की इजाजत नहीं है। पीएम आवास के आसपास धारा 144 लगायी गई है।    

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को जब पीएम आवास की ओर बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें सख्ती से रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लेटकर चक्का जाम करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान आप कार्यकर्ता केजरीवाल को रिहा करो के नारे लगा रहे थे। इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला भी पहुंचीं। प्रदर्शन में शामिल आप विधायक और नई दिल्ली लोकसभा सीट से प्रत्याशी सोमनाथ भारती को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पंजाब के मंत्री हरजोत सिंह बैंस और कार्यकर्ताओं  को पटेल चौक पर दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। आम आदमी पार्टी ने कहा कि कायर तानाशाह इतना डर चुका है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद अब प्रदर्शन कर रही दिल्ली की जनता को हिरासत में ले रहा है।
 

आप नेता गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के लोगों को यह समझ नहीं आ रहा है कि एक ही आरोप में केजरीवाल को जेल और शरद रेड्डी को बेल कैसे मिल गई। ये कैसा खेल चल रहा है। सरकार की तानाशाही के खिलाफ हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। बीजेपी ने दिल्ली को पुलिस राज्य में बदल दिया है। आप ऑफिस को बंद  किया जा रहा है, कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। हमने बैरिकेडिंग की मांग नहीं की है तो क्यों बैरिकेडिंग की जा रही है। मोदी अब दिल्ली की जनता के सवालों से भाग नहीं सकते।

आम आदमी पार्टी ने 31 मार्च को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित महारैली को सफल बनाने की अपील की है। आम नेताओं ने दावा किया है कि इस रैली में देश भर से उसके कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

 

केजरीवाल इस्तीफा दे- भाजपा 

उधर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। दिल्ली सचिवालय की तरफ जा रहे कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकैडिंग तोड़ दी। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया। वीरेंद्र सचदेव ने कहा कि दिल्ली सीएम कट्‌टर बेईमान है।  उन्होंने दिल्ली के लोगों को लूटा है। हम उनके इस्तीफे की मांग कर रहे है। जैसे आम आदमी पार्टी का चरित्र फर्जी है,वैसे ही कस्टडी से दिए जा रहे निर्देश भी फर्जी है। 

 

दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया है कि तुगलक रोड, सफदरजंग रोड और कमाल अतातुर्क मार्ग पर किसी भी वाहन को रुकने या पार्क करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, सड़कों पर पार्क किए गए वाहनों को  हटा दिया जाएगा और अनुचित पार्किंग करने के लिए केस दर्ज किया जाएगा। एडवाइजरी में कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर अरबिंदो चौक, तुगलक रोड, सम्राट होटल राउंड अबाउट, जिमखाना पोस्ट ऑफिस राउंड अबाउट, तीन मूर्ति हाइफा राउंड अबाउट, नीति मार्ग राउंड अबाउट और कौटिल्य मार्ग राउंड अबाउट से ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा कि यात्री कमाल अतातुर्क मार्ग, सफदरजंग रोड, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग पर जाने से बचें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *