Molitics News

“डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है”- केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर राहुल गाँधी  

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गाँधी सहित विपक्ष के तमाम नेताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया जतायी है। राहुल गाँधी ने सीधे मोदी पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉार्म एक्स पर लिखा-“डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। मीडिया समेत सभी संस्थाओं  पर कब्ज़ा, पार्टयों को तोड़ने, कंपनी से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी  दल का अकाउंट फ्रीज़ करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है।”

राहुल गांधी ने केजरीवाल के परिवार से फोन पर बात की और आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कर लिया था।

 

इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि “रोज़  जीत का झूठा दंभ भरने वाली अहंकारी भाजपा, विपक्ष को हर तरह से चुनाव से  पहले गैर कानूनी तरीके से कमजोर करने की कोशिश कर रही है। अगर सच में जीत का भरोसा होता तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के खातों को फ्रीज नहीं किया जाता और विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ठीक चुनाव से पहले निशाना नहीं बनाया जाता। सच यह है की भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गयी। भाजपा बौखलाहट में विपक्ष के लिए हर तरह की मुश्किल पैदा कर रही है।” 

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कहा कि “हार के डर में गिरफ्तार ये लाचार मोदी सरकार लोकतंत्र को तार तार करती आई है और करती रहेगी। इनका जाना एकदम तय है, इसलिए भाजपा में इतना भय है।”

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पोस्ट पर लिखा, “दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से पता चलता है कि भाजपा सत्ता के लिए किस हद तक गिर सकती है। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ इसे असंवैधानिक कार्रवाई के खिलाफ इंडिया गठबंधन एकजुट है।” 

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “जो खुद है शिकस्त के खौफ में कैद, वो क्या करेंगे किसी और को कैद। भाजपा जानती है कि वह फिर दोबारा सत्ता में नहीं आने वाली, इसी डर से वह चुनाव के समय विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ्तारी एक नई जन-क्रांति को जन्म देगी।” 

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि “मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से साफ जाहिर है कि विपक्ष से लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की बजाय बीजेपी जांच एजेंसियों एवं अन्य संवैधानिक संस्थाओं की आड़ और पुरजोर मदद से चुनाव लड़ना चाहती है। राजनीतिक, लोकतांत्रिक व संवैधानिक नैतिकता एवं मर्यादाओं को एनडीए सरकार ने तार-तार कर देश पर अघोषित आपातकाल थोप दिया है।”” उन्होंने आगे कहा, ‘हम सभी मजबूती से दिल्ली के लोगों की लोकप्रिय सरकार के साथ खड़े है। जैसा कि हम सब ने पटना और मुंबई से खुलकर ऐलान किया था, हम डरने वाले नहीं बल्कि लड़ कर जीतने वाले लोग है।’     

तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी दर्शाती है कि भाजपा किस हद तक नीचे गिर गई है। सीएम स्टालिन ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले पिछले एक दशक की विफलताओं और आसन्न हार के डर से हेमंत सोरेन को अन्यायपूर्ण तरीके से निशाने के बाद अब दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया। यह अत्याचार जनता में रोष पैदा करता है, भाजपा के असली चेहरे को उजागर करता है। लेकिन उनकी निरर्थक गिरफ्तारियां हमारे संकल्प को और मजबूत करती है, जिससे इंडिया गठबंधन की जीत की राह मजबूत होती है। 

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘भाजपा की राजनीतिक टीम ईडी केजरीवाल की सोच को कैद नहीं कर सकती क्योंकि आम आदमी पार्टी ही भाजपा  को रोक सकती  है। सोच को कभी रोका नहीं जा सकता।’ 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *